आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ईरान और अमेरिका के बीच शुक्रवार को ओमान में वार्ता होगी। ईरानी मीडिया ने बुधवार को यह खबर दी।
पिछले महीने राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन पर तेहरान की सख्त कार्रवाई को लेकर उसके (ईरान) और अमेरिका के बीच काफी तनाव बना हुआ है।
अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसियों-- आईएसएनए और तसनीम के साथ-साथ ‘स्टूडेंट न्यूज नेटवर्क’ ने भी खबर दी है कि शुक्रवार को ओमान में वार्ता होगी।
ओमान ने तत्काल यह स्वीकार नहीं किया कि वह वार्ता की मेजबानी करेगा।
हालांकि पहले ओमान ने ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु वार्ता के कई दौरों की मेजबानी की थी।
अमेरिका ने भी इस बात की पुष्टि नहीं की है कि वार्ता ओमान में होगी।
हालांकि, व्हाइट हाउस ने कहा कि मंगलवार को अमेरिका द्वारा एक ईरानी ड्रोन को मार गिराए जाने और तेहरान द्वारा अमेरिकी ध्वज वाले जहाज को रोकने का प्रयास किये जाने के बावजूद उसे वार्ता होने की उम्मीद है।
बुधवार को कार्यकर्ताओं ने कहा कि ईरान सरकार की कार्रवाई में गिरफ्तारियों की संख्या 50,000 से अधिक हो गई है।
यह जानकारी अमेरिका स्थित ‘ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट न्यूज एजेंसी’ ने दी है, जिसने ईरान में अशांति के अन्य दौरों में भी सटीक आंकड़े दिए हैं।
कार्यकर्ताओं के मुताबिक, ईरान सरकार द्वारा प्रदर्शनों पर की गई कार्रवाई में कम से कम 50,834 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रदर्शनों पर की गई कार्रवाई में कम से कम 6,876 लोगों की मौत हुई है। हालांकि आशंका है कि मरने वालों की संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।
एसोसिएटेड प्रेस ईरान में इंटरनेट पर पाबंदी के कारण मौत के आंकड़े की स्वतंत्र रुप से पुष्टि करने की स्थिति में नहीं है।