Controversy erupts over Rahul Gandhi calling Union Minister Bittu a 'traitor', BJP hits back
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बारे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'गद्दार' वाली टिप्पणी की बुधवार को कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि राहुल के इस बयान से पूरा सिख समुदाय आहत है।
भाजपा ने कहा कि राहुल की यह टिप्पणी 'प्रत्येक सिख पर भद्दी टिप्पणी है' और साथ ही लोकसभा अध्यक्ष से विपक्ष के नेता के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की।
राहुल की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि कांग्रेस नेता ने शिष्टता की सभी सीमाएं पार कर दी हैं।
भाजपा ने अपनी सिख नेताओं, जिनमें पुरी और दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा शामिल हैं, को मैदान में उतारा और कांग्रेस पर 1984 के सिख विरोधी दंगों जैसी 'सिख विरोधी मानसिकता' रखने का आरोप लगाया है।
सिरसा ने कहा कि 'असली गद्दार' गांधी परिवार है जिसने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर को टैंकों और बंदूकों से अपवित्र किया तथा सिखों के गले में टायर डालकर उन्हें जिंदा जला दिया।
सिख समुदाय से संबंध रखने वाले बिट्टू लुधियाना और आनंदपुर साहिब से तीन बार सांसद रहे हैं और फिलहाल केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री हैं। वह 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच बुधवार को नोकझोंक देखने को मिली जब संसद परिसर में कांग्रेस नेता ने उन्हें ‘गद्दार’ कहकर संबोधित किया और उसके जवाब में बिट्टू ने ‘देश का दुश्मन’ कहा।
यह घटना संसद के मकर द्वार के निकट उस वक्त घटी, जब वहां वर्तमान बजट सत्र की शेष अवधि से निलंबित किए गए आठ विपक्षी सांसद प्रदर्शन कर रहे थे। राहुल गांधी इनके साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए प्रदर्शन में शामिल थे।
कांग्रेस के नेता रह चुके बिट्टू संसद भवन में प्रवेश कर रहे थे और वह टिप्पणी करते सुने गए कि ये (प्रदर्शन कर रहे सांसद) जंग जीतकर आए हैं।
इस पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘‘देखिए यहां एक गद्दार चला आ रहा है...मेरे गद्दार मित्र, चिंता मत करो, वापस आ जाओ।’’