त्रिपुरा में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच शुरू

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-09-2026
Investigation into question paper leak of Community Health Officer recruitment exam started in Tripura
Investigation into question paper leak of Community Health Officer recruitment exam started in Tripura

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
त्रिपुरा पुलिस ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 126 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक के मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यह जांच एक अभ्यर्थी रूमा देब की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद शुरू की गई है। देब ने 31 अगस्त को पश्चिम त्रिपुरा के एनसीसी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि इस साल एक फरवरी को हुई लिखित परीक्षा से एक दिन पहले ही प्रश्नपत्र लीक हो गया था।
 
पुलिस के अनुसार, देब ने कुछ अभ्यर्थियों के 97 और 98 अंक हासिल करने पर भी सवाल उठाए हैं क्योंकि परीक्षा में 'नेगेटिव मार्किंग' लागू थी।
 
एनसीसी पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी पारितोष दास ने पीटीआई-भाषा से कहा, “हमें जानकारी मिली है कि कुछ नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा से केवल 24 घंटे पहले ही प्रश्न मिल गए थे।”