आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कुरुक्षेत्र जिला प्रशासन ने यहां ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र में आग की घटना की जांच के लिए सोमवार को एक तथ्यान्वेषण समिति गठित की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल ने बताया कि रविवार को ब्लॉक बी के तहखाने में आग लग गई, जहां सौर ऊर्जा पैनलों से जुड़ी करीब 100 बैटरियां रखी थीं। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
केंद्र के तकनीकी अभियंता गजिंदर ने बताया कि तहखाने में रखी 100 से ज्यादा बैटरियां और अन्य उपकरण आग में जलकर खाक हो गए।
उन्होंने बताया कि घटना के वक्त केंद्र में करीब 15 पर्यटक और 45 कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन अलार्म बजते ही सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग तहखाने तक ही सीमित रही।
उपायुक्त विश्राम कुमार ने इस घटना की जांच के लिए तथ्यान्वेषण समिति गठित की है। यह समिति आग के कारणों की जांच करेगी, नुकसान का आकलन करेगी और तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
एक आधिकारिक आदेश के अनुसार समिति की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य करेंगे। समिति को जांच पूरी करने के बाद अपने निष्कर्ष, नतीजे और सिफारिशें उपायुक्त को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच पूरी होने तक अनुभव केंद्र को पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जरूरी मरम्मत और सुरक्षा उपाय के बाद ही केंद्र को पुन: खोला जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि सटीक कारण विस्तृत जांच के बाद ही पता चलेगा।
जांच के दौरान देखा जाएगा कि क्या किसी अधिकारी या संबंधित व्यक्ति की लापरवाही से तो यह घटना नहीं हुई। उसी के अनुसार जिम्मेदारी तय की जाएगी।