मुंबई में भारी बारिश, इंडिगो ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 20-08-2025
IndiGo issues advisory for passengers amid heavy rain warning in Mumbai
IndiGo issues advisory for passengers amid heavy rain warning in Mumbai

 

मुंबई एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने बुधवार को अपने यात्रियों के लिए यात्रा संबंधी एडवाइजरी जारी की है। यह कदम मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद उठाया गया है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि भारी बारिश के कारण हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है, जिससे उड़ानों के संचालन पर असर पड़ेगा।“हम चाहते हैं कि आपकी यात्रा बिना किसी परेशानी के पूरी हो, लेकिन मौसम की अपनी योजनाएँ हैं। मुंबई में भारी बारिश की संभावना के चलते हवाई यातायात पर दबाव बढ़ सकता है और इससे उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है,” — इंडिगो।

एयरलाइन ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि उड़ानों के शेड्यूल में किसी भी बदलाव की जानकारी उन्हें उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल पर दी जाएगी।

“हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि संचालन सुचारु रहे। कृपया सुनिश्चित करें कि आपके संपर्क विवरण अपडेटेड हों ताकि आपको समय पर जानकारी मिल सके।”

यात्रियों को सलाह दी गई है कि:

  • एयरपोर्ट आने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति (फ्लाइट स्टेटस) वेबसाइट या ऐप पर अवश्य जांचें।

  • मुंबई में जलभराव और धीमी यातायात गति की संभावना को देखते हुए, यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें।

इससे पहले बुधवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की थी।
मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए रेड नाउकास्ट वार्निंग जारी की गई है। इसमें 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को जानकारी दी थी कि मुंबई में पिछले 24 घंटों में करीब 300 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इससे कुछ जगहों पर अव्यवस्था जरूर हुई, लेकिन मीठी नदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे घट रहा है।