India will become a major exporter of goods and services to China in the coming years: Goyal
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उम्मीद जताई है कि आने वाले वर्षों में भारत चीन और आसियान क्षेत्र को वस्तुओं एवं सेवाओं का प्रमुख निर्यातक बनकर उभरेगा।
गोयल ने कहा कि उन्होंने कैमरून के याउंडे में और नयी दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान चीन के अपने समकक्ष के साथ बैठकें की थीं।
उन्होंने कहा कि भारत हर देश के साथ मुक्त और निष्पक्ष व्यापार को बढ़ावा देने के लिए तैयार है।
गोयल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘चीन हमें महत्वपूर्ण मध्यवर्ती वस्तुएं और कच्चा माल भी उपलब्ध करा रहा है। यदि किसी विशेष उत्पाद के मामले में हमें लगता है कि निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा या कीमत निर्धारण उचित नहीं है, तो इसके लिए एक स्थापित न्यायिक प्रक्रिया है जिसका पालन किया जाता है। इसके अलावा, हम निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के नियमों और खुले व्यापार के नियमों में विश्वास करते हैं... हम भारत की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए आपूर्तिकर्ताओं का स्वागत करते हैं।’’
वह आने वाले वर्षों में भारत-चीन व्यापार संबंधों को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे। मंत्री यहां दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अपनी वस्तुओं एवं सेवाओं के लिए पारस्परिक आधार पर विभिन्न देशों के बाजार खोलने की दिशा में काम कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में हम भारत को चीन और आसियान क्षेत्र में भी वस्तुओं एवं सेवाओं का प्रमुख निर्यातक बनते देखेंगे।’’
दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) के सदस्य ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम हैं।