अगले दशक में भारत में दो लाख करोड़ डॉलर का अतिरिक्त बाजार मूल्य जुड़ेगाः एक्सेल साझेदार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-02-2026
India to add $2 trillion in additional market value over next decade: Accel Partners
India to add $2 trillion in additional market value over next decade: Accel Partners

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
वैश्विक उद्यम पूंजी फर्म एक्सेल ने बुधवार को कहा कि प्रौद्योगिकी के जरिये भारत अगले दशक में करीब दो लाख करोड़ डॉलर की अतिरिक्त बाजार पूंजी जुटा सकता है, जिससे देश में कई बड़ी कंपनियां उभरकर सामने आएंगी और आर्थिक परिदृश्य काफी बदल जाएगा।
 
एक्सेल में साझेदार प्रयांक स्वरूप ने यहां आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन’ में कहा, “भारत अगले 10 वर्षों में प्रौद्योगिकी के माध्यम से दो लाख करोड़ डॉलर का बाजार मूल्य बढ़ाने जा रहा है।”
 
फिलहाल देश के कुल बाजार पूंजीकरण में प्रौद्योगिकी कंपनियों की हिस्सेदारी महज चार-पांच प्रतिशत है, जिसे उन्होंने अगले दशक में बढ़कर 15-20 प्रतिशत हो जाने का अनुमान जताया।
 
स्वरूप ने कहा, “इसका मतलब है कि भारत में 100 अरब डॉलर मूल्यांकन वाली कई कंपनियां बनेंगी। यह एक बड़ी छलांग होगी।”
 
उन्होंने कहा कि भारत में यह अवसर भारतीयों के लिए और दुनिया के लिए उपलब्ध है।
 
स्वरूप ने कृत्रिम मेधा (एआई) की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में प्रौद्योगिकी की प्रगति की रफ्तार और तेज होगी। उन्होंने स्टार्टअप संस्थापकों से ‘भारत के लिए निर्माण’ पर ध्यान देने और किफायती समाधान विकसित करने की अपील की।