India's water management initiatives a model for developing countries: World Bank official
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विश्व बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भारत की जल प्रबंधन से जुड़ी पहल को विकासशील देशों के लिए एक मॉडल करार दिया है। उन्होंने पेयजल की पहुंच बढ़ाने, नदियों के पुनरुद्धार और बांधों की सुरक्षा मजबूत करने के भारत के प्रयासों की सराहना की।
विश्व बैंक समूह में जल क्षेत्र के वैश्विक निदेशक सरोज कुमार झा ने भारत की प्रगति को ''उल्लेखनीय सफलता की कहानी'' बताते हुए कहा कि विकासशील देश पानी से जुड़ी अपनी चुनौतियों का समाधान तलाशने के लिए भारत के अनुभवों की ओर देख रहे हैं।
झा ने शुक्रवार को 2026 के संयुक्त राष्ट्र जल सम्मेलन से पहले आयोजित एक ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में 'पीटीआई-भाषा' के एक सवाल के जवाब में कहा, ''विश्व बैंक समूह के लिए भारत एक उल्लेखनीय सफलता की कहानी है। भारत ने जल प्रबंधन के क्षेत्र में जो सफर तय किया है, उसे हर विकासशील देश देख रहा है।''
संयुक्त अरब अमीरात और सेनेगल की सह-मेजबानी में यह सम्मेलन आठ से 10 दिसंबर तक अबू धाबी में आयोजित होगा। इसमें जल सुरक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करने के लिए विभिन्न देशों के नेता, नीति निर्माता और अन्य हितधारक शामिल होंगे।
झा ने जल जीवन मिशन, नमामि गंगे और स्वच्छ भारत मिशन जैसी भारत की कई पहलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों से ऐसे व्यावहारिक समाधान दिए हैं, जिन्हें दूसरे देश भी अपना सकते हैं।