Strong winds improve Delhi's air quality, pollution level drops from 'very poor' to 'poor' category
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मंगलवार को मामूली सुधार हुआ और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 299 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
दीपावली के अगले दिन सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी का औसत एक्यूआई 376 दर्ज किया गया था, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है। हवा की गति तेज होने के कारण वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला।
सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में रखा जाता है।
मंगलवार को दिल्ली के 23 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। पूसा मार्ग में एक्यूआई सबसे अधिक 385 दर्ज किया गया जबकि चांदनी चौक में यह 381 रहा।
दिल्ली के 59 में से 57 निगरानी केंद्रों के आंकड़े उपलब्ध थे।
दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।