Slight decline in global carbon emissions, Iran war-induced energy crisis main reason: Scientists
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वैश्विक कार्बन उत्सर्जन में इस वर्ष मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन वैज्ञानिकों का कहना है कि यह कमी जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए दुनिया भर में किए गए प्रयासों का नतीजा नहीं, बल्कि ईरान युद्ध के कारण पैदा हुए तेल संकट का परिणाम है।
‘ग्लोबल कार्बन प्रोजेक्ट’ से जुड़े वैज्ञानिकों के अनुसार, 2026 में कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस जैसे जीवाश्म ईंधनों के इस्तेमाल से दुनिया भर में 42.2 अरब टन कार्बन डाइऑक्साइड का उत्सर्जन हुआ जो पिछले वर्ष की तुलना में 0.4 प्रतिशत कम है। कार्बन डाइऑक्साइड तापमान में वृद्धि और वैश्विक तापमान के बढ़ने का प्रमुख कारण है।
वैज्ञानिकों का यह आकलन ‘अर्थ सिस्टम साइंस डेटा डिस्कशंस’ पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।
140 से अधिक वैज्ञानिकों की अंतरराष्ट्रीय टीम ने दुनिया भर से जुटाए गए आंकड़ों के आधार पर वार्षिक कार्बन उत्सर्जन का अनुमान तैयार किया।
इसके बाद तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (सीओपी31) में इसे प्रस्तुत किया गया।
नॉर्वे स्थित ‘सिसेरो सेंटर फॉर इंटरनेशनल क्लाइमेट रिसर्च’ के वैज्ञानिक और अध्ययन के सह-लेखक ग्लेन पीटर्स ने कहा, ‘‘कार्बन उत्सर्जन में यह गिरावट भले ही सकारात्मक दिखाई देती हो, लेकिन यह जलवायु संरक्षण के प्रयासों का परिणाम नहीं है। इसकी मुख्य वजह ईरान युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य में पैदा हुए हालात हैं। इसलिए यह एक तरह से अच्छी खबर जरूर है, लेकिन इसके पीछे की वजहें अच्छी नहीं कही जा सकतीं।’’