India's unemployment rate falls to 4.9% in October as urban joblessness declines: MoSPI
नई दिल्ली
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) द्वारा सोमवार को जारी नवीनतम 'पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे' (PLFS) के अनुसार, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के बीच भारत की बेरोजगारी दर सितंबर के 5 प्रतिशत से घटकर अक्टूबर में 4.9 प्रतिशत हो गई है। इसमें शहरी बेरोजगारी में कमी और कार्यबल (वर्कफोर्स) में महिलाओं की भागीदारी में सुधार का योगदान रहा है। अक्टूबर में कुल बेरोजगारी दर, एक साल पहले इसी महीने में दर्ज की गई 5.2 प्रतिशत की दर से 0.3 प्रतिशत अंक कम रही। शहरी बेरोजगारी सितंबर के 6.9 प्रतिशत से घटकर अक्टूबर में 6.7 प्रतिशत हो गई, जबकि ग्रामीण बेरोजगारी 4.2 प्रतिशत पर स्थिर रही।
साल-दर-साल के आधार पर, शहरी बेरोजगारी 7 प्रतिशत से घटकर 6.7 प्रतिशत हो गई, जबकि ग्रामीण बेरोजगारी 4.4 प्रतिशत से घटकर 4.2 प्रतिशत रह गई। रिपोर्ट में कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी में सुधार को रेखांकित किया गया है। महिलाओं की कुल 'लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट' (LFPR) सितंबर के 34.6 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 35 प्रतिशत हो गई। यह फरवरी 2026 के बाद का उच्चतम स्तर है। मंत्रालय ने अपने मासिक बुलेटिन में कहा, "कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।"
महिलाओं में बेरोजगारी दर सितंबर के 5.2 प्रतिशत और पिछले साल इसी महीने के 5.4 प्रतिशत से घटकर अक्टूबर में 5 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की बेरोजगारी दर 3.8 प्रतिशत रही, जो 2026 के दौरान दर्ज किया गया सबसे निचला स्तर है। वहीं, शहरी क्षेत्रों में महिलाओं की बेरोजगारी दर सितंबर के 9.2 प्रतिशत से घटकर 8.7 प्रतिशत हो गई। कुल 'लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट' (LFPR) - जो आबादी के उस हिस्से को मापता है जो या तो काम कर रहा है या काम की तलाश में है - सितंबर के 55.5 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 55.7 प्रतिशत हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में LFPR सुधरकर 58.4 प्रतिशत हो गया, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 50.5 प्रतिशत रहा। वर्कर पॉपुलेशन रेशियो (WPR), जो आबादी में काम करने वाले लोगों के अनुपात को दर्शाता है, सितंबर के 52.7 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया।
महिलाओं का कुल WPR बढ़कर 33.3 प्रतिशत हो गया, जो पिछले महीने की तुलना में 0.5 प्रतिशत अंक अधिक है। अक्टूबर के अनुमान 3,70,475 लोगों के एक सर्वे पर आधारित थे, जिनमें ग्रामीण इलाकों के 2,11,474 और शहरी इलाकों के 1,59,001 लोग शामिल थे।