Environment Committee of J&K Assembly highlights civic amenities deficiencies in Jammu
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर विधानसभा की पर्यावरण समिति ने सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर पर्यावरण संबंधी चिंताओं और नागरिक सुविधाओं की कमियों का जायजा लिया। इनमें विशेष रूप से अवजल प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति और स्वच्छता से जुड़े मुद्दे शामिल थे।
माकपा विधायक एम वाई तारिगामी के नेतृत्व में समिति ने अपने दौरे की शुरुआत मुबारक मंडी हेरिटेज परिसर और पुराने शहर के आसपास के इलाकों से की। समिति के सदस्य और नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक सलमान सागर ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की कमियों की विस्तृत जांच करने और इसके लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
तारिगामी ने पत्रकारों से कहा कि विधानसभा के अधिकार क्षेत्र के तहत गठित समिति का उद्देश्य पर्यावरण संबंधी मुद्दों की पड़ताल करना और नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में काम करना है।
उन्होंने कहा कि इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को स्वच्छ हवा, सुरक्षित पेयजल, बेहतर स्वच्छता और अच्छी स्थिति वाली सड़कें मिलें। उन्होंने जोर दिया कि पर्यावरण संबंधी चिंताओं को राजनीतिक विचारों से ऊपर रखा जाना चाहिए।
तारिगामी ने कहा, ‘‘हमने जम्मू में कई जगह कचरे के ढेर भी देखे हैं। श्रीनगर में भी इसी तरह की समस्याएं हैं। यह राजनीति का मुद्दा नहीं है। पिछली सरकार हो या मौजूदा सरकार, हमारा साझा उद्देश्य यह होना चाहिए कि मुबारक मंडी और जम्मू का पूरा शहर स्वच्छ एवं सुंदर रहे।’’