आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अजित पवार के निधन को महाराष्ट्र के लिए ‘‘अपूरणीय क्षति’’ बताते हुए सोमवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दिवंगत नेता की कार्यशैली भावी पीढ़ियों के नेताओं के लिए ‘‘मार्गदर्शक’’ साबित होगी।
शाह ने पुणे स्थित जिला परिषद कार्यालय परिसर में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री (अजित पवार) की मृत्यु उनके लिए एक व्यक्तिगत क्षति है, क्योंकि वह उनके करीबी मित्र और सहयोगी थे।
उन्होंने यह भी कहा कि पवार के महायुति गठबंधन में शामिल होने से राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन को स्थिरता मिली थी।
शाह ने कहा, ‘‘उनके आने से महायुति को स्थिरता मिली। इससे गठबंधन को कठिन निर्णय लेने और सरकार को प्रभावी ढंग से चलाने में मदद मिली।’’
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, राज्यसभा सदस्य पार्थ पवार, राकांपा (शरदचंद्र पवार) की नेता एवं बारामती की सांसद सुप्रिया सुले और केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल भी उपस्थित थे।
राकांपा नेता अजित पवार की इस वर्ष 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार राकांपा की प्रमुख बनीं और महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री का पद संभाला।
शाह ने कहा, ‘‘यह महाराष्ट्र और विशेष रूप से पुणे, बारामती और पिंपरी-चिंचवड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। अजित पवार की असामयिक मृत्यु से जो रिक्तता आई है, मुझे नहीं लगता कि तीन-चार दशकों के सामूहिक प्रयासों के बाद भी कोई इसे भर पाएगा।’’