भाजपा कार्यकर्ताओं पर साथी सदस्य ही हमले कर रहे : केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-11-2026
BJP workers are being attacked by fellow members: Union Minister Shantanu Thakur
BJP workers are being attacked by fellow members: Union Minister Shantanu Thakur

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बोंगांव जिला इकाई में गुटबाजी की बात सार्वजनिक रूप से स्वीकार करते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर उनके साथी सदस्य ही हमले कर रहे हैं, जबकि स्थानीय पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
 
बोंगांव के नीलदर्पण सभागार में रविवार को आयोजित ‘मिलन उत्सव’ में ठाकुर ने अपनी ही पार्टी के एक धड़े और स्थानीय पुलिस पर तीखा प्रहार किया, जिससे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीमावर्ती जिले में भाजपा के भीतर बढ़ती गुटबाजी खुलकर सामने आ गई।
 
बोंगांव से सांसद और मतुआ समुदाय के प्रमुख नेता ठाकुर ने आरोप लगाया, “यहां भाजपा कार्यकर्ताओं को पीटा जा रहा है और उन्हें पीटने वाले भी भाजपा के ही लोग हैं। पुलिस प्रशासन ने आंखें मूंद ली हैं और वह निष्पक्ष होकर काम नहीं कर रहा।”
 
उन्होंने प्रशासन के एक हिस्से पर कुछ स्थानीय नेताओं के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करेंगे।
 
ठाकुर ने कहा, “हम प्रशासन को सबक सिखाएंगे।”
 
केंद्रीय मंत्री ने पार्टी की अंदरूनी समस्याओं को स्पष्ट रूप से स्वीकार करते हुए कहा कि गुटबाजी गंभीर समस्याएं पैदा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेताओं का एक धड़ा अपनी शक्ति का दुरुपयोग करके भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहा है।
 
ठाकुर ने कहा, “पार्टी के भीतर मतभेद उभर रहे हैं, जिससे बड़ी समस्याएं पैदा हो रही हैं। हमारे अपने ही कुछ लोग अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करके भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले कर रहे हैं। जब तक मैं जिंदा हूं, मैं ऐसा नहीं होने दूंगा।”
 
उन्होंने कहा कि ‘मिलन उत्सव’ का आयोजन पार्टी के भीतर समानता की कमी को दूर करने और कार्यकर्ताओं को एक साथ लाने के लिए किया गया है।