India is one of the most important markets: Zoom's Head of Product and Engineering
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी जूम के प्रोडक्ट एवं इंजीनियरिंग प्रमुख वेलचामी संकरलिंगम ने कहा कि कंपनी भारत को अपने सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक मानती है।
संकरलिंगम ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘ भारत हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है। एक मुख्य वजह यह है कि भारत अपने आप में बहुत बड़ा बाजार है। यहां प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और नवाचार भी भरपूर है। यहां के शैक्षणिक संस्थान भी बेहद उत्कृष्ट हैं। इसके अलावा, अमेरिका और यूरोप की कई कंपनियों की भारत में बड़ी मौजूदगी है। इसलिए यहां स्थानीय कारोबारों के साथ-साथ बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लिए भी अपार संभावनाएं हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हम अपनी सेवाओं की बिक्री के लिहाज से भारत को बेहद महत्वपूर्ण बाजार मानते हैं... घेरलू कारोबारों के साथ-साथ यहां कार्यरत बहुराष्ट्रीय कंपनियों के कारण भी। भारत में हमारे लगभग सभी दल मौजूद हैं और हमें उम्मीद है कि वहां से हमें बहुत कुछ सीखने और उसे लागू करने का अवसर मिलेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हम पूरी दुनिया से सीखते हैं लेकिन मेरा मानना है कि भारत हमें परीक्षण के अधिक अवसर उपलब्ध कराता है। भारत की अपनी कई विशिष्टताएं हैं, जिनसे हम सीख सकते हैं। यहां अनेक बोलियां (क्षेत्रीय भाषाएं) भी हैं।’’