'India' Coalition announces nationwide campaign on Election Commission issue, demands ballot papers for elections
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
‘इंडिया’ गठबंधन ने चुनाव प्रणाली से जुड़ी कथित अनियमितताओं के खिलाफ बुधवार को एक साझा कार्ययोजना के तहत देशभर में आंदोलन और सभाएं आयोजित करने का निर्णय किया तथा इस बात पर जोर दिया कि ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) की जगह मतपत्र के जरिए चुनाव कराए जाएं।
गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सभी नेताओं ने मिलकर लड़ाई लड़ने की बात की है।
उन्होंने निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह निर्वाचन आयोग का ‘‘कठपुतली’’ की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं।
खरगे ने विपक्ष की साझा कार्ययोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक जिला स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा। इसके अलावा छह अक्टूबर को विपक्षी दलों के सभी सांसद निर्वाचन आयोग तक मार्च निकालेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा जाएगा और आयोग के समक्ष विपक्षी दल अपनी चिंताओं से अवगत कराएंगे।