भारत-चिली मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत निष्कर्ष के करीब, कनाडा से वार्ता में अच्छी प्रगति:गोयल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-10-2026
India-Chile Free Trade Agreement talks nearing conclusion, good progress in talks with Canada: Goyal
India-Chile Free Trade Agreement talks nearing conclusion, good progress in talks with Canada: Goyal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत कई देशों और समूहों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर बातचीत कर रहा है, चिली के साथ वह वार्ता समझौते को अंतिम रूप देने के काफी करीब है, जबकि कनाडा के साथ बातचीत में अच्छी प्रगति हो रही है।
 
उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के नेतृत्व वाले दक्षिणी अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ (एसएसीयू) के साथ बातचीत शुरू हो गई है।
 
भारत और एसएसीयू ने अगस्त में तरजीही व्यापार समझौते की दिशा में औपचारिक वार्ता शुरू करने के लिए विचारार्थ विषयों (टीओआर) पर हस्ताक्षर किए थे। एसएसीयू के पांच सदस्य बोत्सवाना, इस्वातिनी (पूर्व में स्वाजीलैंड), लेसोथो, नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका हैं।
 
गोयल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि चिली के साथ बातचीत समझौते को अंतिम रूप देने के काफी करीब है। कनाडा के साथ बहुत अच्छी प्रगति हो रही है। हमने एसएसीयू के साथ बातचीत अभी शुरू की है, इसलिए इसे पूरा होने में कुछ समय लग सकता है।’’
 
वह यहां दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर आए हुए हैं।
 
अन्य समझौतों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैक्सिको जल्द से जल्द शुरुआती चरण का व्यापार समझौता करने को लेकर ‘‘बहुत’’ उत्सुक है।
 
गौरतलब है कि वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल भारत-मैक्सिको व्यापार और आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए दो दिन की यात्रा पर मैक्सिको सिटी में हैं।