भारत ने सेशेल्स के लिए 17.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर के आर्थिक पैकेज की घोषणा की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-02-2026
India announces US$ 175 million economic package for Seychelles
India announces US$ 175 million economic package for Seychelles

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ व्यापक बातचीत की जिसके बाद भारत ने सोमवार को इस द्वीप राष्ट्र को विकास सहायता के रूप में 17.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर देने की घोषणा की।

दोनों पक्षों ने सतत विकास, व्यापार, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए एक व्यापक दृष्टिपत्र पर भी सहमति व्यक्त की।
 
हर्मिनी भारत की छह दिवसीय यात्रा पर आए हैं।
 
हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी देश है।
 
मोदी ने अपने मीडिया वक्तव्य में कहा, ‘‘भारत और सेशेल्स केवल भौगोलिक रूप से ही नहीं बल्कि इतिहास, विश्वास और भविष्य के लिए साझा दृष्टि से भी जुड़े हुए हैं।’’
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास साझेदारी भारत-सेशेल्स संबंधों की मजबूत आधारशिला रही है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सभी प्रयास सेशेल्स की प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं पर आधारित रहे हैं। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए, आज हम 17.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर का एक विशेष आर्थिक पैकेज घोषित करने जा रहे हैं।’’
 
मोदी ने कहा कि यह पैकेज ‘‘ठोस परियोजनाओं’’ को समर्थन देगा, जो सामाजिक आवास, परिवहन सुविधा, व्यावसायिक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, रक्षा और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में लागू की जाएंगी।