आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दक्षिण एशिया का एक बड़ा प्रकाशन मंच जयपुर बुकमार्क (जेबीएम) 14वें संस्करण के साथ वापसी कर रहा है और इसका आयोजन जयपुर साहित्योत्सव (जेएलएफ) के साथ ही 14 जनवरी, 2027 को किया जाएगा।
आयोजकों ने मंगलवार को यहां जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए बताया कि जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में होने वाले 2027 के इस संस्करण में भारत और विदेशों से प्रकाशक, संपादक, साहित्य एजेंट, लेखक, अनुवादक, किताबों के विक्रेता, इलस्ट्रेटर और प्रकाशन उद्योग से जुड़े अन्य पेशेवर एक साथ आएंगे।
इस बार इस समारोह में गुजराती साहित्य, अनुवाद, कहानी कहने के नए तरीकों, प्रकाशन में नवोन्मेष और तथा पुस्तक उद्योग पर तकनीक एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते असर पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
विज्ञप्ति के अनुसार, एक अहम पहल 'इंडिया-यूके पब्लिशिंग फ़ेलोशिप' को जारी रखना होगा। यह ब्रिटिश काउंसिल के साथ मिलकर चलाया जाने वाला एक संयुक्त कार्यक्रम है, जिसका मकसद भारत और ब्रिटेन के स्वतंत्र प्रकाशकों के बीच पेशेवर आदान प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है।