India and Uzbekistan discuss bilateral relations during Jaishankar's visit to Azerbaijan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री बख्तियार सैदोव ने अजरबैजान की राजधानी बाकू में हुई बैठक के दौरान द्विपक्षीय एजेंडे के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की और उच्चतम स्तर पर हुए समझौतों को समय पर लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जयशंकर शुक्रवार को द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा के लिए एक दिवसीय यात्रा पर अजरबैजान में थे। उन्होंने अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव से मुलाकात की और विदेश मंत्री जेयहुन बैरामोव के साथ व्यापार, निवेश, ऊर्जा, पर्यटन और संपर्क के मुद्दों पर बातचीत की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बाकू में उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री सैदोव से मिलकर अच्छा लगा।’’
उन्होंने सैदोव के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की।
सैदोव शुक्रवार को जॉर्जिया से बाकू पहुंचे थे। उन्होंने वहां जॉर्जिया और पांच मध्य एशियाई देशों- कजाखस्तान, किर्गिस्तान, तजाकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्रियों की पहली संयुक्त बैठक में हिस्सा लिया था।
सैदोव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘द्विपक्षीय एजेंडे के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की और उच्चतम स्तर पर हुए समझौतों को समय पर और प्रभावी ढंग से लागू करने के महत्व पर जोर दिया।’’