Diwali is celebrated in a historic estate in England, with special ties to the royal family of West Bengal.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स में स्थित एक ऐतिहासिक जागीर में पश्चिम बंगाल के शाही परिवार से अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए दिवाली मनाई जा रही है।
कूच बिहार में जन्मीं दो राजकुमारियों की कहानी इस आयोजन का मुख्य आकर्षण है, जिन्हें इस जागीर के मालिकों से प्यार हो गया था। वाइटविक मैनर एंड गार्डन्स में रोशनी के त्योहार, किस्सागोई और संगीत से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो आठ नवंबर को दिवाली के दिन तक चलेंगे।
‘बेबी’ के नाम से मशहूर राजकुमारी प्रतिवा देवी नारायण और उनकी बहन राजकुमारी सुधीरा को 100 साल से भी अधिक समय पहले दो भाइयों लियोनेल और एलन मैंडर से प्यार हो गया था।
फरवरी 1912 में लियोनेल ने कलकत्ता के वुडलैंड्स में प्रतिवा से शादी की थी। यह महल उनके पिता सर नृपेंद्र नारायण का था, जो वर्तमान पश्चिम बंगाल में स्थित कूच बिहार के महाराजा थे।
लियोनेल के छोटे भाई एलन मैंडर की मुलाकात सुधीरा से लंदन में हुई थी, जब वह बीमार थीं। इसके बाद एलन अपनी भाभी प्रतिवा से मिलने गए।