'India' alliance demands Pradhan's resignation, will write to CJI on 'vote theft'
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने सोमवार को एकजुटता प्रदर्शित करते हुए सोमवार को ‘‘लाखों युवाओं के भविष्य के साथ विश्वासघात करने’’ के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और कहा कि वह ‘‘वोट लूट’’ को लेकर जल्द ही प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत को पत्र लिखेगा।
गठबंधन ने यहां कांस्टीट्यूशन क्लब में करीब ढाई घंटे की बैठक के बाद केंद्र सरकार सरकार से गंभीर आर्थिक स्थिति, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, किसानों तथा जनसरोकारों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की बुलाने की मांग भी की।
‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों के नेताओं ने यह सहमति भी जताई कि वे हर दो महीने पर बैठक करेंगे और उनकी अगली बैठक आगामी अगस्त महीने में हैदराबाद में होगी।
इस बैठक में चिकित्सा पाठ्यक्रम प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली से जुड़े विवाद, देश की आर्थिक स्थिति के साथ ही ‘विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विषय पर चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) की सुप्रिया सुले समेत 22 दलों के प्रमुख नेताओं ने भाग लिया।