भारत ए ने पहले चार दिवसीय मैच में ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रन से हराया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-09-2026
India A beats Australia A by 162 runs in the first four-day match
India A beats Australia A by 162 runs in the first four-day match

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बाएं हाथ के स्पिनर शम्स मुलानी ने दूसरी पारी में तीन विकेट सहित मैच में 124 रन देकर सात विकेट लिए जिससे भारत ए ने शुक्रवार को यहां के केएपी-सीचेम स्टेडियम में खेले गए पहले चार दिवसीय क्रिकेट मैच में ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रन से करारी शिकस्त दी।

ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अपनी दूसरी पारी सुबह दो विकेट पर 55 रन से आगे बढ़ाई और उसकी पूरी टीम 200 रन पर आउट हो गई। मुलानी ने शीर्ष स्कोरर फर्गस ओनील (47) सहित तीन बल्लेबाजों को आउट किया। ओनील ने डीप मिड-विकेट पर कैच दिया।
 
तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने शुरुआती घंटे में ही कल के अविजित बल्लेबाज नाथन मैकस्वीनी (35) और कप्तान पीटर हैंड्सकॉम्ब (16) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।
 
पवेलियन छोर से कंबोज की जगह गेंद संभालने वाले तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने जोश फिलिप और लियाम स्कॉट को लगातार गेंद पर आउट किया। इसके बाद ऑफ स्पिनर तनुष कोटियन ने जेसन संघा को क्लीन बोल्ड कर दिया। इससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर लंच तक सात विकेट पर 185 रन हो गया।