आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के 22 वर्षीय एक छात्र ने परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुये पकड़े जाने के बाद छात्रावास के कमरे में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
आईआईटी मुंबई के एक बयान के अनुसार, महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के निवासी साहिल रवींद्र वाकोडे ने परीक्षा के दौरान उत्तर के लिए परीक्षा का प्रश्न-पत्र ‘चैटजीपीटी’ पर अपलोड किया था।
पुलिस ने बताया कि वाकोडे ऊर्जा विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग में बीटेक पाठ्यक्रम के द्वितीय वर्ष का छात्र था।
एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पवई परिसर के छात्रावास संख्या-4 में वाकोडे का शव छत के पंखे से लटका हुआ मिला।
उन्होंने बताया कि मौत का पता तब चला जब छात्रावास में रहने वाले उसके साथियों ने देखा कि उसके कमरे से कोई जवाब नहीं मिल रहा है और उन्होंने अधिकारियों को सूचित किया, जिन्होंने फिर पुलिस को खबर दी।