आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) में फूट पड़ने की अटकलें तेज होने के बीच पार्टी नेता संजय राउत ने बागी सांसदों को बुधवार को चुनौती दी कि अगर वे पाला बदलना चाहते हैं तो इस्तीफा दे दें।
राउत ने नयी दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अगर 2022 की तरह पार्टी में फिर फूट डालने की कोशिश की गई तो महाराष्ट्र की जनता और शिवसेना (उबाठा) के सांसद चुप नहीं बैठेंगे।
राउत के संवाददाता सम्मेलन में शिवसेना (उबाठा) के नौ लोकसभा सदस्यों में से केवल तीन सांसद- अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजाभाऊ वाजे शामिल हुए।
उन्होंने बागी सांसदों से कहा, ‘‘उद्धव ठाकरे और शिवसेना (उबाठा) के कार्यकर्ताओं ने सांसदों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत की है। अगर पाला बदलना है तो पहले इस्तीफा दें।’’
राज्यसभा सदस्य ने हालांकि कहा कि शिवसेना (उबाठा) के पास सांसदों के पार्टी छोड़ने की अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के सांसदों को 15 करोड़ रुपये में खरीदा जा रहा है। राउत ने कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) जैसे दलों को तोड़ा जाता है तो चुनाव लड़ने का कोई मतलब नहीं रह जाता।