ICAI to organise workshop on fiscal governance, financial management for Bengal MLAs
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) 18 अगस्त को पश्चिम बंगाल विधानसभा के सदस्यों के लिए सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन, राजकोषीय शासन और विधायी निगरानी पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित करेगा। एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, इस कार्यशाला में 200 से अधिक नवनिर्वाचित विधायकों के शामिल होने की उम्मीद है।
आईसीएआई के पूर्वी क्षेत्र के अध्यक्ष मयूर अग्रवाल ने कहा कि कार्यशाला में विधायकों को राज्य के बजट, वित्तीय विवरण और सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन से जुड़े अन्य पहलुओं को समझने में सहयोग करने पर जोर दिया जाएगा।
सत्रों में बजट विश्लेषण, सरकारी लेखांकन, राजकोषीय जिम्मेदारी, वित्तीय अनुशासन और बजट प्रबंधन जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य विधायकों को सार्वजनिक वित्त से जुड़े निर्णय लेने और उसकी विधायी निगरानी को मजबूत करने में मदद करना है।
बयान के अनुसार, कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र बोस शामिल होंगे।
आईसीएआई के अध्यक्ष प्रसन्न कुमार डी ने कहा कि स्थानीय निकायों समेत सरकार के सभी स्तरों पर वित्तीय विवरण का प्रस्तुतिकरण और सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन को मजबूत करना रणनीतिक रूप से आवश्यक है।