मैं किसी व्यक्ति नहीं, बल्कि ‘गोकुल’ सहकारी संस्था के समर्थन में हूं: अध्यक्ष चुनाव विवाद पर फडणवीस

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-11-2026
I am not supporting any individual but the Gokul cooperative society
I am not supporting any individual but the Gokul cooperative society

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 गोकुल डेरी के अध्यक्ष पद के चुनाव तथा नियुक्तियों से जुड़े विवाद के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि वह किसी व्यक्ति विशेष के नहीं, बल्कि सहकारी संस्था के साथ खड़े हैं।
 
कोल्हापुर जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ लिमिटेड (गोकुल डेरी) के 25 सदस्यीय नवनिर्वाचित बोर्ड में पिछले महीने कांग्रेस के विधान पार्षद सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले पैनल ने 13 सीटें जीतकर सामान्य बहुमत हासिल किया था। इससे ‘महायुति’ समर्थित पैनल 12 सीटों के साथ अल्पमत में आ गया था।
 
हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली ‘महायुति’ सरकार ने पिछले सप्ताह एक अध्यादेश पारित किया और चार अतिरिक्त निदेशकों को नामित किया, जिन्हें मतदान का अधिकार भी है। सरकार के इस कदम पर विपक्षी राजनीतिक दलों ने सवाल उठाए हैं।
 
इस अध्यादेश को पिछली तिथियों से लागू करने पर आपत्तियों के बावजूद, सरकार ने फैसला किया कि इन चार नामित सदस्यों सहित सभी 29 निदेशक मंगलवार को होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव में मतदान करने के पात्र होंगे।
 
मुंबई स्थित अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में आयोजित दिवाली मिलन समारोह के दौरान फडणवीस ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि संस्था का समर्थन कर रहा हूं। मैं किसी व्यक्ति विशेष के साथ नहीं हूं।’’
 
गोकुल डेरी सहकारी संस्था से जुड़ी कानूनी जटिलताओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समूह के पास 13 सदस्य थे और दूसरे के पास 12, जबकि बैठक की कार्यवाही आयोजित करने के लिए आवश्यक न्यूनतम सदस्यों की संख्या (कोरम) पूरी करने के लिए 14 सदस्यों की आवश्यकता थी।
 
उन्होंने कहा कि कोई भी समूह अपने दम पर कोरम की शर्त पूरी नहीं कर सकता था और न ही अपने बलबूते अध्यक्ष चुन सकता था।
 
फडणवीस ने कहा कि यदि सरकार की मंशा संस्था पर नियंत्रण करने की होती, तो वह चुनावों के तुरंत बाद ऐसा कर सकती थी, क्योंकि उसके पास निदेशक नियुक्त करने और नियंत्रण हासिल करने के लिए पर्याप्त समय था।