सोनिया ने अध्यक्ष बनने पर केसरी का पैर छूकर लिया था आशीर्वाद

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-11-2026
Sonia had touched Kesri's feet to seek his blessings upon becoming the president.
Sonia had touched Kesri's feet to seek his blessings upon becoming the president.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
सीताराम केसरी को कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के चर्चित प्रकरण से इतर सोनिया गांधी ने कहा है कि 1998 में वह कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद सीधे केसरी के आवास पहुंची थीं और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया था।
 
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में इस भावुक मुलाकात का जिक्र करते हुए लिखा है कि केसरी ने उनकी अप्रत्याशित मौजूदगी पर हैरानी जताई, लेकिन नम आंखों से उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।
 
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि 1996 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पी वी नरसिंह राव के नेतृत्व में कांग्रेस की हार के बाद देश में दो बार सरकार बदली और अंततः 20 दलों के गठबंधन के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में आई। नई सरकार का नेतृत्व अटल बिहारी वाजपेयी ने किया, जिन्हें संसद में पांच दशक के दौरान एक कुशल राजनीतिज्ञ, प्रभावशाली वक्ता और प्रखर वक्ता के रूप में जाना जाता था।
 
उनका कहना है, ‘‘चुनाव नतीजों के बाद पार्टी में एक बार फिर बदलाव की प्रक्रिया शुरू हुई। कांग्रेस कार्यसमिति ने सर्वसम्मति से फैसला किया कि नेतृत्व परिवर्तन जरूरी है। कांग्रेस अध्यक्ष सीताराम केसरी को पद छोड़ने के लिए कहा गया और 14 मार्च, 1998 को उनकी जगह मुझे पार्टी अध्यक्ष चुना गया।’’