आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
निजी क्षेत्र की बिजली उत्पादक कंपनी हिंदुस्तान पावर ने उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में अपनी 300 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना के लिए 1,135 करोड़ रुपये के वित्त की व्यवस्था पूरी कर ली है।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि परियोजना का काम शुरू हो चुका है और यह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश की बढ़ती नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को मजबूत करने में मदद करेगी।
बयान के अनुसार, ‘‘हिंदुस्तान पावर ने उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में अपनी 435 मेगावाट पीक (एमडब्ल्यूपी)/300 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना के लिए वित्त की व्यवस्था पूरी कर ली है। भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (इरेडा) ने इस परियोजना के लिए 1,135 करोड़ रुपये के ऋण को मंजूरी दी है।’’
इस परियोजना के लिए हिंदुस्तान पावर का उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के साथ दीर्घकालिक बिजली खरीद समझौता (पीपीए) है। कंपनी को यह परियोजना वर्ष 2025 में प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से मिली थी।