ऊना
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में प्रशासन ने मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में 800 से अधिक नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को पंजीकृत किया गया है। यह जानकारी शुक्रवार को एक अधिकारी ने दी।
जिला उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि आपदा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने के लिए विभागीय समन्वय के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के पंजीकरण और प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्वयंसेवकों को अग्निशमन, प्राथमिक उपचार, खोज-बचाव जैसे कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि आपदा की स्थिति में वे प्रशासन को प्रभावी रूप से सहायता प्रदान कर सकें।
लाल ने कहा, “ऊना जिले में 800 से अधिक नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का पंजीकरण हो चुका है और प्रशिक्षण प्रक्रिया भी जारी है। ये स्वयंसेवक राहत, बचाव और आपातकालीन समन्वय जैसे कार्यों में अहम भूमिका निभाएंगे।”
उन्होंने यह भी बताया कि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय, पूर्व चेतावनी प्रणाली की सक्रियता और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।