नेतृत्व के मुद्दे पर आलाकमान जल्द ही प्रतिक्रिया देने वाला है : कर्नाटक के मंत्री परमेश्वर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-04-2026
High command to respond soon on leadership issue
High command to respond soon on leadership issue

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज होने के बीच राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस आलकमान जल्द ही इस मुद्दे पर ‘‘प्रतिक्रिया’’ देने वाला है।
 
उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान द्वारा लिया गया निर्णय सभी को स्वीकार्य होगा।
 
परमेश्वर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारा पार्टी आलाकमान सभी मामलों पर जल्द से जल्द प्रतिक्रिया देगा। हमारी ओर से कोई भ्रम नहीं है। 2023 में हमने जनता से जो भी वादे किए थे, उन्हें उचित कार्यक्रमों के माध्यम से पूरा किया जा रहा है और हम उन सभी को लागू करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।’’
 
जब संवाददाताओं ने उनसे पूछा कि क्या मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को पार्टी आलाकमान से जन्मदिन का उपहार मिलेगा, तो परमेश्वर ने कहा कि आलाकमान द्वारा लिया गया कोई भी निर्णय पार्टी के सभी सदस्यों द्वारा स्वीकार किया जाएगा और सभी उस निर्णय का समर्थन करेंगे।
 
दलित मुख्यमंत्री की बार-बार उठाई जा रही मांगों के बारे में पूछे जाने पर परमेश्वर ने कहा कि लोग अपने स्नेह और विश्वास के आधार पर राय व्यक्त करते हैं।
 
हालांकि, उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान इन सभी विचारों पर ध्यान देता है।