तमिलनाडु के चेन्नई और उत्तरी जिलों में भारी बारिश

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-10-2026
Heavy rains lash Chennai and northern districts of Tamil Nadu
Heavy rains lash Chennai and northern districts of Tamil Nadu

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई और उत्तरी जिलों में बुधवार को भारी बारिश हुई। इसके मद्देनजर चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई।

उत्तर-पूर्वी मानसून के सक्रिय रहने के कारण चेन्नई और आसपास के जिलों में मंगलवार शाम से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बुधवार को अगले 48 घंटों के दौरान और बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
 
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा कि बुधवार को तमिलनाडु तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
 
बुलेटिन के अनुसार, मंगलवार को उत्तरी तमिलनाडु तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण अब दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तमिलनाडु तट के ऊपर स्थित है।
 
इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान इसी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, कुड्डालोर, विल्लुपुरम, तंजावुर, तिरुवारुर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई और रामनाथपुरम जिलों के कुछ स्थानों तथा पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
 
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के निर्देश पर ग्रेटर चेन्नई नगर निगम (जीसीसी) के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में 21.80 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से सड़कों की मरम्मत का काम किया जा रहा है।
 
विज्ञप्ति के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मानसून के मद्देनजर एहतियाती उपायों के तहत नगर निगम के सभी 15 क्षेत्रों में कंक्रीट और तारकोल के मिश्रण से सड़कों की मरम्मत की जा रही है।