केरल में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, इडुक्की में भूस्खलन से महिला की मौत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-08-2026
Heavy rains cause flood-like situation in Kerala, woman dies in landslide in Idukki
Heavy rains cause flood-like situation in Kerala, woman dies in landslide in Idukki

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केरल के पहाड़ी जिले इडुक्की में शनिवार को भूस्खलन की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई।
 
अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मध्य केरल के कई हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। कोट्टायम जिले में मलबे के नीचे कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
 
इडुक्की जिला प्रशासन ने बताया कि मृतक महिला की पहचान सुमति के रूप में हुई है। वह अडूरमाला क्षेत्र की रहने वाली थीं, जिला प्रशासन ने बताया कि शनिवार तड़के हुए भूस्खलन का मलबा उसके घर पर आ गिरा।
 
पड़ोसियों ने उसके पति रवि और बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों घायल थे और उन्हें थोडुपुझा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन में उनका मकान पूरी तरह तबाह हो गया।
 
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन एवं बचाव सेवा, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के तलाशी अभियान के बाद सुमति का शव बरामद किया गया।
 
एक अन्य घटना में इडुक्की जिले के वागामोन क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति के घर में फंसे होने की सूचना है। अधिकारियों ने बताया कि उसे बचाने के लिए अभियान जारी है। मलबा सड़क पर आ जाने के कारण क्षेत्र में यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
 
इसी बीच उप्पुथारा में भूस्खलन के कारण सड़क किनारे खड़ी पुलिस की एक जीप क्षतिग्रस्त हो गई।
 
पुल्लाकयार नदी के उफान पर होने से कोक्कायार का निचला पुल जलमग्न हो गया। आसपास के लगभग छह मकानों में पानी भर गया, जिसके बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
 
अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न हिस्सों से कई अन्य भूस्खलनों की भी खबरें मिली हैं। भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ है।
 
कट्टप्पना-वाझवारा मार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गया, जबकि वंदीपेरियार में छोट्टुपारा नाले का जलस्तर बढ़ने से राष्ट्रीय राजमार्ग-183 पर जलभराव हो गया। नेल्लिमाला मार्ग भी बंद होने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।
 
जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जिले के छोटे बांधों के गेट खोलने की घोषणा की है।
 
पड़ोसी कोट्टायम जिले में भी भारी बारिश के कारण इरट्टुपेट्टा, कंजीरापल्ली, कूट्टिकल और एरुमेली क्षेत्रों में व्यापक बाढ़ आ गई। कई रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए, यातायात बाधित हुआ और बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाना पड़ा।
 
पूंजार के पय्यानिथोट्टम क्षेत्र में भूस्खलन के कारण एक घर मलबे में दब गया, जहां दो लोगों के फंसे होने की आशंका है। उन्हें खोजने के लिए तलाशी और बचाव अभियान जारी है।