केरल में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश ने मचायी तबाही

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-05-2026
Heavy rains accompanied by strong winds wreak havoc in Kerala
Heavy rains accompanied by strong winds wreak havoc in Kerala

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश ने केरल के कई हिस्सों विशेषकर पहाड़ी इलाकों में मकानों, सड़कों और बिजली ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचाया है। प्राधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 
पेड़ उखड़ने और बिजली के तारों के गिरने के कारण विभिन्न जिलों में जनजीवन बाधित हुआ। कई जगहों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई और यातायात बाधित हो गया।
 
समुद्री कटाव और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में नुकसान पहुंचाया है।
 
तिरुवनंतपुरम जिले के पोजियूर क्षेत्र में तेज लहरों के कारण भूमि कटाव होने की खबर है, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और कई घरों में पानी भर गया।
 
कोल्लम जिले के पुनलूर में एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से उसकी दूसरी मंजिल क्षतिग्रस्त हो गई।
 
एर्नाकुलम जिले में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण व्यापक नुकसान हुआ। विभिन्न तालुकों में करीब 10 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें विशेष रूप से कोठामंगलम, मुवट्टुपुझा और त्रिपुनिथुरा क्षेत्र शामिल हैं।
 
अधिकारियों ने बताया कि तेज हवाओं के दौरान त्रिपुनिथुरा मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार पर पेड़ की शाखाएं गिर गईं।
 
अधिकारियों ने यह भी बताया कि बारिश और तेज हवाओं के दौरान मुवट्टुपुझा में एक वाहन शोरूम की इमारत की छत गिर गई, जिससे वहां खड़ी कई कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
 
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में भी खराब मौसम जारी रहने की आशंका है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
 
उन्होंने भूस्खलन की आशंका को देखते हुए रात में पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी। साथ ही लोगों से आकाशीय बिजली के दौरान घरों के भीतर रहने और खुले स्थानों तथा ऊंचे पेड़ों से दूर रहने को कहा।