आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ओडिशा के आंतरिक हिस्सों के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसून के कारण पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में शुक्रवार को बहुत भारी बारिश हुई और दार्जिलिंग जिले में भूस्खलन हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार तक राज्य के कई हिस्सों में और बारिश होने का अनुमान जताया है।
जिलाधिकारी हरिशंकर पाणिकर ने बताया कि भूस्खलन तड़के करीब तीन बजे हुआ जिससे तकदाह ग्रामीण अस्पताल प्रभावित हुआ। इसमें एक मरीज के परिजन को मामूली चोट आई।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से फोन पर कहा कि घटना में किसी भी मरीज को चोट नहीं लगी और कुछ ही देर बाद सभी मरीजों को जिला अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि दार्जिलिंग जिले के कुछ अन्य स्थानों पर भी भूस्खलन हुए, लेकिन मलबा जल्द हटा दिया गया और ज्यादातर सड़कें यातायात के लिए खुली रहीं।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में दार्जिलिंग में 153 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक थी। वहीं कालिम्पोंग में 113 मिमी बारिश हुई।