दिल्ली में तेज आंधी-बारिश से विमान सेवाएं बाधित, कई इलाकों में जलभराव और पेड़ गिरे

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 25-05-2025
Heavy rain and storm in Delhi disrupted air services, waterlogging and fallen trees in many areas
Heavy rain and storm in Delhi disrupted air services, waterlogging and fallen trees in many areas

 

नई दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार रात आई तेज आंधी और भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। तेज़ हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान सेवाओं में व्यवधान आया, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली के खंभे उखड़ने की घटनाएं सामने आईं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में देर रात 11:30 बजे से सुबह 5:30 बजे के बीच 81.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 82 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची।

बारिश के कारण मोती बाग, मिंटो रोड, दिल्ली छावनी और दीन दयाल उपाध्याय मार्ग जैसे क्षेत्रों में जलभराव हो गया। साथ ही कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ने से यातायात भी प्रभावित रहा।

विमान सेवाएं रहीं प्रभावित

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर खराब मौसम के चलते उड़ानों का संचालन बाधित रहा। विमानन कंपनी ‘इंडिगो’ ने तड़के 3:59 बजे सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जानकारी दी कि प्रतिकूल मौसम के कारण उड़ानों में अस्थायी व्यवधान हुआ है। कंपनी ने यह भी बताया कि मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है, लेकिन हवाई क्षेत्र में कुछ तकनीकी अवरोध बने हुए हैं।

सुबह 5:54 बजे इंडिगो ने एक और पोस्ट कर जानकारी दी कि आसमान साफ होने के बाद उड़ानों का संचालन फिर से सामान्य हो गया है।

‘फ्लाइटरडार24डॉटकॉम’ वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली हवाई अड्डे पर कई उड़ानों में औसतन 30 मिनट से अधिक की देरी हुई, जबकि कुछ उड़ानों को रद्द भी करना पड़ा।