Gyanesh Kumar was under suspicion during his tenure as a bureaucrat in Kerala: Isaac
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के वरिष्ठ नेता टी.एम. थॉमस इसाक ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार केरल में एक नौकरशाह के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान "संदेह के घेरे में" थे।
इसाक ने यहां पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि केरल कैडर के आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार 2006 में वी.एस. अच्युतानंदन के नेतृत्व में वामपंथी सरकार बनने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव थे।
उन्होंने कहा कि उसी साल नवंबर तक उन्हें इस पद से हटा दिया गया था, जिसके बाद उनके खिलाफ सतर्कता जांच के आदेश दिए गए थे।
इसाक ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई केरल में विश्व बैंक द्वारा वित्तपोषित सड़क परियोजना से जुड़ी एक मलेशियाई निर्माण कंपनी के निदेशक की आत्महत्या के बाद की गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि निदेशक के सुसाइड नोट में ज्ञानेश कुमार का नाम था और उसमें उत्पीड़न, रिश्वत की मांग करने और बिलों को लंबित रखने के आरोप लगाए गए थे।