गुजरात स्थानीय चुनाव: भाजपा ने नौ नगर निगमों में जीत हासिल की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-04-2026
Gujarat local elections: BJP wins nine municipal corporations
Gujarat local elections: BJP wins nine municipal corporations

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना में भाजपा ने अब तक 15 में से नौ नगर निगमों में जीत हासिल की है। राज्य में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) द्वारा साझा किए गए नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, सत्तारूढ़ भाजपा ने सुरेंद्रनगर, जामनगर, पोरबंदर, करमसाद-आणंद, नाडियाड, नवसारी, वापी, सूरत और मोरबी के नगर निगमों में कुल सीटों में से आधे से अधिक सीटें जीत ली हैं।
 
एसईसी के अनुसार, मोरबी नगर निगम में भाजपा ने सभी 52 सीटें जीत ली हैं।
 
रविवार को 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए मतदान हुआ था।
 
इन चुनावों को अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में प्रमुख चुनावी कवायदों में से एक माना जा रहा है। मौजूदा चुनाव में लगभग 4.18 करोड़ मतदाता पात्र थे और करीब 9,200 सीटों पर मतदान हुआ।
 
एसईसी के अनुसार, मतदान प्रतिशत नगर निगमों में 55.1 फीसदी, नगरपालिकाओं में 65.53 फीसदी, जिला पंचायतों में 66.64 फीसदी और तालुका पंचायतों में 67.26 फीसदी दर्ज किया गया।
 
नगर निगमों में कच्छ जिले के नवगठित गांधीधाम में सबसे कम 46.03 फीसदी मतदान हुआ, जबकि वलसाड जिले के वापी में सबसे अधिक 72.29 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। अहमदाबाद नगर निगम में मतदान 51.81 फीसदी रहा।