I got the desired coach and trainer, the team atmosphere is good and I am confident of victory: Savita Poonia
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने स्वीकार किया कि अगले महीने हैदराबाद में होने वाला महिला हॉकी विश्व कप क्वालीफायर भारतीय टीम के लिये ‘करो या करो’ की तरह है लेकिन उन्हें यकीन है कि कोच शोर्ड मारिन की टीम जीत के साथ इस चुनौतीपूर्ण वर्ष का आगाज करेगी ।
इस साल पद्मश्री सम्मान के लिये चुनी गई सविता ने भाषा को दिये इंटरव्यू में कहा ,‘‘हमारी टीम पहले भी अच्छी थी और आज भी अच्छी है । हमने जो ट्रेनर मांगा, वह हमे मिला और जो कोच चाहा, वह भी मिला और टीम का माहौल बहुत अच्छा है ।’’
तीन सौ से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी इस गोलकीपर ने कहा,‘‘ पूरी टीम को पता है कि विश्व कप क्वालीफायर हमारे लिये ‘करो या मरो’ की तरह है लेकिन इतना यकीन है कि हमें उस तरह की हॉकी खेलनी आती है कि इसे जीत सकें ।’’
एशिया कप के जरिये अगस्त में बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले विश्व कप के लिये सीधे क्वालीफाई करने में नाकाम रही भारतीय टीम को अब हैदराबाद में आठ से 14 मार्च तक क्वालीफायर खेलना होगा जिसमें इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, कोरिया, इटली, उरूग्वे , वेल्स और आस्ट्रिया भी शामिल है ।
प्रत्येक क्वालीफायर में शीर्ष तीन टीमें विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी, साथ ही दोनों प्रतियोगिताओं में चौथे स्थान पर रहने वाली उच्च रैंकिंग वाली टीम भी क्वालीफाई करेगी।