सरकार सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध: वीरेंद्र सिंह

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-09-2026
Government committed to ensuring safety and respect of sanitation workers: Virendra Singh
Government committed to ensuring safety and respect of sanitation workers: Virendra Singh

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने बुधवार को कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सीवर या सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान किसी भी कर्मचारी की जान नहीं जानी चाहिए।
 
‘स्वच्छता ही सेवा’ 2026 अभियान के तहत यहां आयोजित ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों, कस्बों तथा देश को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘सफाई मित्र सिर्फ़ स्वच्छता के प्रहरी ही नहीं हैं, बल्कि वे एक स्वच्छ और स्वस्थ भारत के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए, हमें उनके सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण के लिए मिलकर काम करना चाहिए।’’
 
मंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के योगदान को भुलाया या नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता, क्योंकि उनके काम से शहर और कस्बे साफ रहते हैं तथा बीमारियों एवं अस्पताल के खर्च का बोझ कम होता है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘जब शहर, कस्बे और महानगर साफ़-सुथरे तथा स्वस्थ रहते हैं, तो बीमारियाँ दूर रहती हैं। इससे लोगों के करोड़ों रुपये बचते हैं और अस्पतालों पर होने वाला खर्च कम होता है, जिससे लोग स्वस्थ रह पाते हैं और अपने परिवार, समाज तथा देश के प्रति अपनी ज़िम्मेदारियाँ पूरी कर पाते हैं।’’