चीनी रोबोट को खुद का बताने वाले गलगोटिया विश्वविद्यालय को एआई समिट से बाहर किया गया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-02-2026
Galgotias University, which claimed a Chinese robot as its own, was expelled from the AI ​​Summit.
Galgotias University, which claimed a Chinese robot as its own, was expelled from the AI ​​Summit.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

\
निजी विश्वविद्यालय गलगोटिया को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में अपना स्टॉल खाली करने के लिए कहा गया है। चीन में निर्मित एक ‘रोबोटिक डॉग’ को अपने स्वयं के नवाचार के तौर पर प्रदर्शित करने को लेकर हुए विवाद के बाद उसे प्रदर्शनी से हटने को कहा गया है।
 
सूचना प्रौद्योगिकी सचिव एस. कृष्णन ने विवाद के बाद कहा कि सरकार नहीं चाहती कि कोई भी प्रदर्शक ऐसी वस्तुओं का प्रदर्शित करे जो उसकी अपनी न हों।
 
आयोजकों द्वारा गलगोटिया विश्वविद्यालय को अपना ‘स्टॉल’ खाली करने के लिए कहे जाने के बाद उन्होंने कहा, ‘‘हम इस तरह की चीजों को प्रदर्शित करना जारी नहीं रखना चाहते।’’
 
यह विवाद तब शुरू हुआ जब विश्वविद्यालय में संचार की प्रोफेसर नेहा सिंह ने मंगलवार को डीडी न्यूज को ‘ओरियन’ नामक एक ‘रोबोटिक डॉग’ को दिखाते हुए कहा था कि इसे ‘‘ गलगोटिया विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस द्वारा विकसित किया गया है।’’
 
वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद लोगों ने इस रोबोट के वास्तव में एक ‘यूनिट्री गो2’ होने की बात कही जिसे चीन की यूनिट्री रोबोटिक्स द्वारा निर्मित किया गया है। इसका इस्तेमाल आमतौर पर दुनिया भर में अनुसंधान एवं शिक्षा के लिए किया जाता है।
 
विवाद अधिक बढ़ने पर विश्वविद्यालय को स्टॉल खाली करने के लिए कहा गया है।