From Shaurya Sandhya to motorcycle display, grand celebrations dedicated to Kargil heroes
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ऑपरेशन विजय की 27वीं वर्षगांठ पर 25-26 जुलाई को यहां कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, इनमें कारगिल संघर्ष के दौरान भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस के सम्मान में 'शौर्य संध्या', लद्दाख स्काउट्स रेजिमेंटल सेंटर बैंड की संगीतमय प्रस्तुति और 'श्वेत अश्व' का मोटरसाइकिल प्रदर्शन शामिल है।
द्रास स्थित ऐतिहासिक कारगिल समर स्मारक इन सभी आयोजनों का प्रमुख केंद्र रहेगा। इसके अलावा द्रास सेक्टर की अग्रिम चौकी ‘सैंडो टॉप’ समेत कई अन्य स्थानों पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर शनिवार को समारोह का आगाज कारगिल के ऐतिहासिक रणक्षेत्र का विहंगम दृश्य प्रस्तुत करने वाले ‘लामोचेन व्यू प्वाइंट’ पर आयोजित ‘युद्ध संस्मरण’ कार्यक्रम से होगा।
अधिकारियों ने बताया कि यह अवसर 1999 की उस ऐतिहासिक विजय की याद दिलाता है, जब भारतीय सैनिकों ने बर्फ से ढकी दुर्गम चोटियों और पाकिस्तानी सेना की लगातार गोलाबारी का डटकर सामना करते हुए अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और अटूट संकल्प के बल पर कारगिल की चोटियों पर फिर से तिरंगा फहराया था।
शनिवार सुबह आयोजित ‘युद्ध संस्मरण’ कार्यक्रम की शुरुआत 33 मिनट के वीडियो क्लिप से होगी, जिसमें कारगिल युद्ध और ‘ऑपरेशन विजय’ के तहत भारत की गौरवशाली जीत की कहानी प्रस्तुत की जाएगी।