आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को शनिवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से छुट्टी दे दी गई। परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
धनखड़ (75) को बुधवार को सुबह की सैर के दौरान अचानक बेहोश होकर गिरने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय वह कुछ मिनट तक बेहोश रहे थे।
उन्हें एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां हृदय रोग विभाग की देखरेख में उनकी चिकित्सकीय जांच और उपचार किया जा रहा था।
धनखड़ के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें बेहोश होकर गिरने के बाद शुरुआत में पीसीआर वाहन से घर ले गए थे और बाद में उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।
पिछले दो वर्षों में धनखड़ कई बार बेहोश होकर गिर चुके हैं। हालांकि, इस बार वह सबसे अधिक समय तक बेहोश रहे।
जून 2025 में नैनीताल में कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान वह बेहोश हो गए थे। इस साल जनवरी में भी घर पर वह दो बार बेहोश हुए थे। मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्स की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी।
धनखड़ ने अगस्त 2022 से 21 जुलाई 2025 को इस्तीफा देने तक भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में कार्य किया।