Carlsen in danger of losing world number one crown after 15 years, Caruana moves closer
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पांच बार के विश्व शतरंज चैंपियन मैग्नस कार्लसन को यहां टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट के फास्ट क्लासिकल मुकाबले के तीसरे दिन आर्मेनिया के हाइक मार्टिरोस्यान के हाथों हार का सामना करना पड़ा जिससे विश्व नंबर एक खिलाड़ी की उनकी 15 साल से बरकरार बादशाहत खतरे में पड़ गई है।
पैंतीस वर्षीय नॉर्वे के ग्रैंडमास्टर कार्लसन जुलाई 2011 से विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज हैं। हालांकि फास्ट क्लासिकल वर्ग में पांच मुकाबले ड्रॉ खेलने और एक हार झेलने के बाद उन्होंने 15.8 रेटिंग अंक गंवा दिए हैं और लाइव रेटिंग में उनके 2807.2 अंक रह गए हैं।
शानदार फॉर्म में चल रहे अमेरिका के फाबियानो करुआना तेजी से कार्लसन के करीब पहुंच रहे हैं। अमेरिकी ग्रैंडमास्टर ने पांच जीत और दो ड्रॉ के साथ 17 रेटिंग अंक हासिल किए हैं। उनके अब 2800 अंक हो गए हैं और वह कार्लसन से केवल 7.2 अंक पीछे हैं।
लाइव रेटिंग में वास्तविक समय के आधार पर बदलाव होता है जबकि अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) हर महीने आधिकारिक रेटिंग भी जारी करता है।
मार्टिरोस्यान ने पहली बार किसी क्लासिकल फिडे रेटेड मुकाबले में कार्लसन का सामना किया और सफेद मोहरों से खेलते हुए पहले गेम में उन्हें 41 चाल में हरा दिया।
हालांकि दोनों ग्रैंडमास्टर के बीच दूसरी बाजी ड्रॉ रही।
एक जीत और एक ड्रॉ के साथ मार्टिरोस्यान के 10 अंक हो गए हैं और उन्होंने ग्रुप सी में एकल बढ़त बना ली है। कार्लसन खिसककर पांचवें स्थान पर आ गए हैं।