पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की आंख की एक और सर्जरी हुई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-03-2026
Former Pakistan Prime Minister Imran Khan undergoes another eye surgery
Former Pakistan Prime Minister Imran Khan undergoes another eye surgery

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दाहिनी आंख की सर्जरी तीसरी बार सोमवार को की गई। अस्पताल अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
जनवरी में पाकिस्तानी उच्चतम न्यायालय में प्रस्तुत एक रिपोर्ट के अनुसार, 73-वर्षीय खान को सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन (सीआरवीओ) नामक एक गंभीर नेत्र रोग का पता चला था।
 
अस्पताल के एक बयान के अनुसार, उन्हें इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पिम्स) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी दाहिनी आंख की ‘तीसरी बार सर्जरी’ की गई।
 
क्रिकेटर से राजनेता बने और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक खान को एंटी-वीईजीएफ इंट्राविट्रियल इंजेक्शन की तीसरी खुराक दी गई।
 
बयान में आगे कहा गया है कि सर्जरी से पहले, उसके दौरान और इसके बाद में उनकी हालत स्थिर रही।
 
पिम्स ने कहा, ‘‘आमतौर पर (ऐसे मामलों में) तीन इंजेक्शन दिए जाते हैं; खान को चौथा इंजेक्शन दिए जाने की संभावना नहीं है।’’
 
अस्पताल ने कहा, ‘‘हालांकि, इंजेक्शन के प्रभाव का आकलन चार सप्ताह बाद किया जाता है, इसलिए चार सप्ताह बाद यह तय किया जाएगा कि दूसरी खुराक की आवश्यकता होगी या नहीं।’’
 
बयान में कहा गया है कि सूचित सहमति प्राप्त करने के बाद शल्य चिकित्सकों ने माइक्रोस्कोपी के मार्गदर्शन में इंजेक्शन लगाया। इसमें यह भी कहा गया है कि ऑपरेशन थिएटर में मानक निगरानी, ​​एहतियाती प्रक्रियाओं और प्रोटोकॉल का पालन किया गया है।
 
खान की आंखों की बीमारी इस साल जनवरी के अंत में सामने आई।
 
बयान में कहा गया है, “इंजेक्शन लगाने के बाद, खान को कुछ समय के लिए वहीं रखा गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनकी स्थिति स्थिर है, और फिर उन्हें रावलपिंडी की अदियाला जेल वापस ले जाने की अनुमति दी गई।”
 
उनके वकील, सलमान सफदर ने शीर्ष अदालत को बताया कि जेल प्रशासन की लापरवाही के कारण हिरासत में रहने के दौरान खान की दाहिनी आंख की 85 प्रतिशत दृष्टि चली गई थी।