Former IAS officer Shatrughan Singh appointed member of Uniform Civil Code Committee of Maharashtra
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तराखंड काडर के सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी शत्रुघ्न सिंह को महाराष्ट्र सरकार की समान नागरिक संहिता (यूसीसी) समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति समिति से बंबई उच्च न्यायालय के एक पूर्व न्यायाधीश के हाल में इस्तीफा देने के बाद हुई है।
राज्य सरकार ने विवाह, तलाक और संपत्ति जैसे मामलों में सभी धर्मों के लिए समान कानून लागू करने के उद्देश्य संबंधी यूसीसी की रूपरेखा तैयार करने के लिए उच्चतम न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश रंजना देसाई की अध्यक्षता में इस साल जुलाई में सात सदस्यीय समिति गठित की थी।
बंबई उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश आर. सी. चव्हाण ने महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर लोगों की राय को केवल ‘‘हां/नहीं’’ के विकल्पों तक सीमित रखने के समिति के फैसले पर गंभीर आपत्ति जताते हुए हाल में इससे इस्तीफा दे दिया था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि समिति की अध्यक्ष न्यायमूर्ति देसाई ने सिंह के नाम का सुझाव दिया था, जिसे सरकार ने मंजूरी दे दी।