आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बालासोर, जाजपुर और मयूरभंज जिलों के कुछ हिस्सों को जलमग्न करने वाली उफनती बड़ी नदियों में जलस्तर घटने के बाद भी बृहस्पतिवार को उत्तरी ओडिशा में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि स्वर्णरेखा नदी का पानी बालासोर जिले के पांच प्रखंडों--भोगराई, बालियापाल, बस्ता, रेमुना और जलेश्वर - के 214 गांवों में घुस गया है तथा यह नदी पहले खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी, लेकिन उसका जलस्तर अब घटने लगा है।
जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता दिलीप राउत ने कहा, ‘‘ पूर्वाह्न तक, राजघाट पर स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 10.84 मीटर था, जबकि खतरे का निशान 10.36 मीटर है। अभी जलस्तर घट रहा है, जिससे नदी की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार का संकेत मिल रहा है।’’
अधिकारी ने बताया कि बालासोर जिले के प्रभावित गांवों से लगभग 35,740 लोगों को निकालकर 72 राहत शिविरों में ठहराया गया है।