आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भूटान में ग्लेशियर झील के फटने से आई बाढ़ (ग्लॉफ) के कारण पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में बाढ़ का हाई अलर्ट जारी किया गया है, जिससे जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका के मद्देनजर संकोश नदी और उसकी सहायक नदियों के किनारे बसे इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अलीपुरद्वार जिले के नदी किनारे बसे गांवों के निवासी प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के बाद अपने मवेशियों के साथ घर-बार छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखाई दिए।
जल संसाधन जांच एवं विकास मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने बताया कि भूटान के लेमथांग में ग्लेशियर झील फटने की घटना हुई है। झील से निकला पानी मो (मोफू) नदी के रास्ते संकोश नदी की ओर बढ़ रहा है।
प्रमाणिक ने वीडियो संदेश में कहा, ‘‘संकोश नदी के जलग्रहण क्षेत्र और उससे जुड़ी सभी सहायक नदियों के आसपास रहने वाले लोगों से अपनी जान की सुरक्षा के लिए तत्काल सुरक्षित दूरी पर जाने को कहा गया है।’’
उन्होंने कूचबिहार जिले के तूफानगंज और आसपास के इलाकों में नदी के किनारे रहने वाले लोगों से बाढ़ की आशंका को देखते हुए तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।