आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, पूर्व मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और ई. के. पलानीस्वामी सहित कई नेताओं और आम लोगों ने शुक्रवार को रामनाथपुरम के निकट पसुम्पोन में स्वतंत्रता सेनानी एवं आध्यात्मिक नेता मुथुरामलिंग थेवर की 119वीं जयंती और 64वीं गुरु पूजा के अवसर पर उनके स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई में थेवर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
स्वतंत्रता सेनानी के स्मारक पर सुबह से ही सैकड़ों लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे। कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच श्रद्धांजलि कार्यक्रम शुरू हुआ। भीड़ पर नजर रखने के लिए पुलिस ने 10,000 जवानों को तैनात किया, 400 सीसीटीवी कैमरे लगाए और 38 निगरानी टावर बनाए। इसके अलावा यातायात के लिए भी कड़े प्रतिबंध लागू किए गए।
पड़ोसी मदुरै में भी गोरीपालयम चौराहे पर स्थित थेवर की विशाल प्रतिमा के आसपास पुलिस ने यातायात व्यवस्था लागू की और दिनभर गतिविधियां सुचारू रखने के लिए जवानों को तैनात किया। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और बाद में पसुम्पोन के कामुथी स्थित उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे।