Flight diverted after hijack message was seen, accused claimed to have sent message as a joke
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विमान में सवार एक यात्री को यह टेक्स्ट मैसेज भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया कि वह विमान को “हाइजैक” (अपहरण) करने जा रहा है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, उसने अधिकारियों को बताया कि यह संदेश उसके सहकर्मी के साथ केवल एक मजाक था और उसका इरादा किसी को नुकसान पहुंचाने का नहीं था।
युनाइटेड एयरलाइंस का यह विमान न्यू जर्सी के नेवार्क जा रहा था, लेकिन शनिवार रात उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद एक विमानकर्मी ने जब कथित धमकी वाला टेक्स्ट मैसेज देखा तो इसे वापस लास वेगास की ओर मोड़ दिया गया, और 25 वर्षीय डांते मिल्ने को हिरासत में ले लिया गया।
मिल्ने के खिलाफ आतंकवाद के कृत्य के संदर्भ में धमकी देने या गलत जानकारी देने का आरोप लगाया गया है। उसके वकील, जेम्स गैलो ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि वह अब भी अपने मुवक्किल के पक्ष को समझने का प्रयास रहे हैं।
विमानकर्मी ने लास वेगास पुलिस को बताया कि उसने विमान में यात्रियों के चढ़ने के दौरान सबसे पहले दो यात्रियों को आपस में टेक्स्ट मैसेज भेजते हुए देखा था, जिसमें अन्य यात्रियों और विमानकर्मियों के बारे में अपमानजनक बातें लिखी थीं।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, उसने बाद में एक संदेश देखा जिसमें लिखा था, ‘‘मैं हाइजैक करने जा रहा हूं।’’ इसके बाद मुख्य विमान सहायक को सूचित किया।